Skip to content

🌷🌷श्री लिंग महापुराण🌷🌷

🌷🌷श्री लिंग महापुराण🌷🌷

〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️

सृष्टि का प्रारम्भ…(भाग 1)

〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️

सूतजी कहते हैं – प्राथमिक रचना का जो समय है वह ब्रह्म का एक दिन है और उतनी ही रात्रि है। संक्षेप से वह प्राकृतिक पदार्थों का वर्णन है। वह प्रभु दिन में सृष्टि करता है और रात्रि में प्रलय करता है। इस उपचार से ब्रह्मा का सृष्टि करने का समय रात कहलाता है। दिन में विकार (16 प्रकार के) विश्वेदेवा, सभी प्रजापति, सभी ऋषि स्थिर रहते हैं। रात्रि में सभी प्रलय को प्राप्त होते हैं और रात्रि के अन्त में सभी फिर उत्पन्न होते हैं। ब्रह्मा का एक दिन ही कल्प है और उसी प्रकार की रात्रि है।

हे ब्राह्मणो ! चारों युगों के हजार बार बीतने पर 14 मनु होते हैं। चार हजार वर्ष वाला सतयुग कहा है, उतने ही सैंकड़ा तक तीन, दो एक शतक क्रम से संध्या और संध्यांश होते हैं। संध्या की संख्या छः सौ है जो संध्यांश के बिना कही गई है।

अब त्रेता, द्वापर आदि युगों को कहता हूँ। 15 निमेष की एक काष्ठा होती है। मनुष्यों के नेत्रों के 30 पलक मारने के समय को कला कहते हैं। हे ब्राह्मणो ! 30 कला का एक मुहूर्त होता है। 15 मुहूर्त की एक रात्रि तथा उतना ही दिन होता है।

फिर पित्रीश्वरों के रात, दिन, महीना और विभाग कहते हैं। कृष्ण पक्ष उनका दिन तथा शुक्ल पक्ष उनकी रात है। पित्रीश्वरों का एक दिन रात मनुष्यों के 30 महीना होते हैं। 360 महीनों का उनका एक वर्ष होता है। मनुष्यों के मान से जब 100 वर्ष होते हैं तब पित्रीश्वरों के तीन वर्ष होते हैं।

पुनः देवताओं के दिन, रात्रि का विभाग बताते हैं। उत्तरायण सूर्य रहें तब तक दिन तथा दक्षिणायन में रात्रि होती है। यही दिन रात देवताओं के विशेष रूप से कहे हैं। 30 वर्षों का एक दिव्य वर्ष होता है। मनुष्यों के 100 महीने देवताओं के तीन महीने होते हैं। मनुष्यों के हिसाब से 360 वर्ष का देवताओं का एक वर्ष होता है।

मनुष्यों के वर्षों के अनुसार तीन हजार तीन सौ वर्षों का सप्त ऋषियों का एक वर्ष होता है। नौ हजार 90 वर्षों का ध्रुव वर्ष होता है। इस प्रकार 36 हजार मनुष्यों के वर्ष के अनुसार दिव्य (देवताओं) के सौ वर्ष होते हैं। तीन लाख साठ हजार मनुष्यों के वर्षों का देवताओं का एक हजार वर्ष होता है। ऐसा जानने वाले विद्वान लोग कहते हैं।

क्रमशः शेष अगले अंक में…

〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *